श्रीनगर दिल्ली हाइकोर्ट के बाहर हुए बम धमाके का सुराग लगाने किश्तवाड़ पहुंची नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) और स्थानीय पुलिस तीन दिन की माथापच्ची के बाद भी कोई पुख्ता सबूत नहीं जुटा पाई। शनिवार दोपहर को एनआइए के दोनों सदस्य एसपी शिव कुमार शर्मा और रिटायर्ड डीएसपी शमशेर सिंह परिहार जम्मू के लिए रवाना हो गए। वह अपने साथ सिर्फ साइबर कैफे से जब्त किया गया कंप्यूटर ले गए हैं। हालांकि राज्य पुलिस महानिदेशक कुलदीप खुड्डा ने एक युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अभी जारी है। नई दिल्ली में बम धमाके के बाद किश्तवाड़ के ग्लोबल साइबर कैफे से विस्फोट की जिम्मेदारी लेने वाला हरकत उल जिहाद के नाम से ईमेल भेजा गया था। इसके बाद एनआइए और स्थानीय पुलिस ने दर्जनभर से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। लेकिन उन्हें बिना किसी ठोस सबूत के खाली हाथ ही लौटना पड़ा। हालांकि किश्तवाड़ पुलिस की छानबीन अभी जारी है। पुलिस धमाके वाले दिन कैफे में जाने वाले विद्यार्थियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस की अब तक की कार्रवाई कैफे के प्रबंधक अश्विनी के आगे-पीछे ही घूम रही है। वह जिसकी शिनाख्त कर रहा है पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसी की शिनाख्त पर पुलिस अब तक इमरान, शोएब, सन्नी और आशिक से पूछताछ कर चुकी है। इस बीच, श्रीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य पुलिस महानिदेशक कुलदीप खुड्डा ने दिल्ली विस्फोट के सिलसिले में किश्तवाड़ से एक युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी इस मामले की जांच जारी है। खुड्डा ने कहा कि जिस कंप्यूटर से पहला ईमेल भेजा गया है, उसे एनआइए ने सील कर फोरेंसिक जांच के लिए ले लिया है। एनआइए के दल ने साइबर कैफे मालिक, उसके प्रबंधक और कुछ छात्रों से पूछताछ की है। एनआइए की टीम के शनिवार को लौटने के बाद देर शाम स्थानीय पुलिस ने शहर में छापेमारी की। इस दौरान आठ लोगों को हिरासत में लेकर आठ कंप्यूटर भी जब्त किए गए। पकड़े गए लोगों में फारूक अहमद भट्ट, उसका भाई इरशाद अहमद और उनका भतीजा इशरत भी शामिल है। फारूक और इरशाद 1990 में आतंकी बनने के लिए सीमा पार चले गए थे। बाद में फारूक को सीमा पार करते सांबा में पकड़ा गया था, जबकि इरशाद ने आत्मसमर्पण किया था। मौजूदा समय में फारूक पीडीपी का कार्यकर्ता है और इरशाद एक निजी स्कूल का प्रिंसिपल है। संदिग्ध की तलाश में एटीएस ने की छापेमारी बागपत, जासं : दिल्ली विस्फोट के सिलसिले में एटीएस को साजिद नाम के युवक की तलाश है। उसकी लोकेशन शुक्रवार की रात को बागपत के खेकड़ा कस्बे में मिली थी। एटीएस और दिल्ली पुलिस ने खेकड़ा व आसपास क्षेत्र में छापेमारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। दिल्ली पुलिस शुक्रवार को कलक्ट्रेट के पास एआरटीओ कार्यालय के बाहर फोटो स्टेट की दुकान करने वाले एक युवक व उसके दो रिश्तेदारों को अपने साथ ले गई थी। सूत्रों का कहना है कि विस्फोट के मामले में खुफिया एजेंसियों को साजिद नाम के युवक की भी तलाश है। शुक्रवार की रात उसकी लोकेशन खेकड़ा कस्बे में मिल रही थी। एटीएस और दिल्ली पुलिस ने रात में ही खेकड़ा कस्बा व उसके आसपास क्षेत्र में छापेमारी की, लेकिन संदिग्ध हत्थे नहीं चढ़ सका
No comments:
Post a Comment