अमेरिकी अधिकारियों को टाइगर मेनन और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के बीच साठगांठ की जानकारी थी। उल्लेखनीय है कि अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहीम के इशारे पर 1993 में मुंबई में सिलसिलेवार बम विस्फोट को मेनन ने अंजाम दिया था। स्वीडिश वेबसाइट विकिलीक्स द्वारा सार्वजनिक किए गए गोपनीय अमेरिकी केबलों में यह बात कही गई है। इन केबलों में यह भी कहा गया है कि आइएसआइ ने भारत में आतंकी गतिविधियों को चलाने के लिए नेपाल को केंद्र बना रखा है। अमेरिकी राजदूत फ्रेंक विस्नर द्वारा आठ जुलाई, 1997 में भेजे केबल के अनुसार आइएसआइ द्वारा खड़ेकिए गए आतंकी संगठन जम्मू और कश्मीर इस्लामिक फ्रंट (जेकेआइएफ) का ठिकाना नेपाल है। जेकेआइएफ के नियंत्रण की कमान आइएसआइ और मेनन के हाथ में है। नेपाल में सक्रिय आतंकियों के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बिलाल बेग से संबंध हैं। केबल में कहा गया है कि आइएसआइ के कर्नल फारूक ने बिलाल और टाइगर मेनन से नेपाल के आतंकी लतीफ और जावेद की मदद से लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में विस्फोट करने के लिए कहा था। 21 मई, 1996 को जेकेआइएफ ने दिल्ली के लाजपत नगर में धमाके किए थे। हमले में 13 लोग मारे गए थे जबकि 40 घायल हो गए थे। केबल के मुताबिक जेकेआइएफ ने आइएसआइ और मेनन के इशारे पर 1997 में गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में सिलसिलेवार बम विस्फोट की योजना बनाई थी। जेकेआइएफ की स्थापना सज्जाद अहमद केनू ने 1995 में की थी। केनू इत्तेहादुल मुस्लिमीन (आइयूएम) का कार्यकर्ता रहा है।
No comments:
Post a Comment