Thursday, September 8, 2011

आतंकी वारदात कायरता का परिचय : पीएम


ढाका दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर हुए बम विस्फोट पर मनमोहन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे कायराना आतंकी वारदात करार देते हुए कहा कि इससे हम निपटेंगे। यह युद्ध है जिसमें आतंकवाद के सामने हम कभी घुटने नहीं टेकेंगे। बाद में दिल्ली वापसी के समय विमान में पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री ने माना कि आतंकवाद से निपटने की व्यवस्था में कुछ कमजोरियां हैं, लेकिन उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि हम आतंकवाद से लड़ने के लिए सभी राजनीतिक दलों और समाज के सभी वगरें से बातचीत कर रास्ता निकालेंगे। आतंकी घटना के पीछे किसी संगठन का हाथ होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। दिल्ली में बम विस्फोट ठीक उस समय हुआ, जब प्रधानमंत्री दौरे के अंतिम दिन ढाका विश्वविद्यालय में भाषण देने के लिए निकले। दिल्ली से जब इसकी सूचना पहुंची, तब प्रधानमंत्री का भाषण जारी था। वह अपने भाषण में बांग्लादेश के साथ मिलकर उग्रवाद से मुकाबला करने की बात कर रहे थे, उसी समय उनके निजी सचिव जयदीप घोष और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन के पास दिल्ली से घटना का फोन पहुंचा। प्रधानमंत्री का भाषण मेनन को छोड़ना पड़ा और वे दिल्ली से मामले की पूरी जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री जब मंच से उतरे, तब उन्हें सहयोगी स्टाफ ने घटना की जानकारी दी। गर्मजोशी के साथ हुए स्वागत से खुश दिख रहे प्रधानमंत्री के चेहरे के भाव तुरंत ही बदल गए। उन्होंने दिल्ली में गृह मंत्री पी चिदंबरम से बात कर मामले की पूरी जानकारी ली। इसके बाद मीडिया से कहा, मेरी संवेदनाएं शोकग्रस्त परिजनों के साथ हैं और जो जख्मी हैं, उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। यह कायराना आतंकी हरकत है। सभी राजनीतिक दलों और पूरे देश को आतंकवाद का सामना एकजुट होकर करना होगा। यहां महत्वपूर्ण है कि इस साल जुलाई में मुंबई में आतंकी धमाके तब हुए थे, जब पाकिस्तान-भारत की विदेश सचिव स्तरीय वार्ता शुरू होने वाली थी। अब दिल्ली में धमाका ऐसे समय पर हुआ है, जब भारत एक ऐसे मुल्क के साथ संबंधों को बेहतर बनाने में जुटा है, जिसे पाकिस्तान नहीं चाहता।

No comments:

Post a Comment