Wednesday, September 14, 2011

दिल्ली धमाके में बंगाल से दो गिरफ्तार

कोलकाता दिल्ली हाईकोर्ट के गेट पर विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को स्थानीय पुलिस ने महानगर से सटे हावड़ा जिले के बागनान इलाके से मो. अफजल तैयब नामक एक जख्मी युवक को गिरफ्तार किया है। डॉक्टरी जांच में पता चला है कि यह जख्म किसी बम विस्फोट की चपेट में आने के कारण है। वहीं, कोलकाता से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने छोटू नाम से ईमेल भेज कर धमाके की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहम्मद अफजल दिल्ली में धमाके के दो दिन बाद हावड़ा पहुंचा था। बागनान में वह कहां रहता था और उसके पास किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं अथवा नहीं? इसका खुलासा फिलहाल पुलिस नहीं कर रही है। उसके शरीर पर जख्म के निशान हैं, जबकि उसका हाथ भी उड़ा हुआ है। उसकी जब चिकित्सकों से जांच कराई गई तो पता चला कि वह बम से होने वाले घाव के निशान हैं। वह हिन्दी और उर्दू में बातचीत करता है। पूछताछ में कभी वह नेपाल का रहने वाला तो कभी कहीं और का रहने वाला बता रहा है। पुलिस का कहना है कि दिल्ली धमाके में जिन अभियुक्तों की स्केच जारी की गई थी, उनमें से एक का करीब 70 फीसदी हिस्सा उसके चेहरे से मैच करता है। उसके पास से एक सिम कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। सूचना है कि जल्द ही एनआइए की टीम उससे पूछताछ करेगी। वहीं, एनआइए ने जिस मेल भेजने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान सनी शर्मा के रूप में हुई है। इसके जीमेल एकाउंट से दूसरा और चौथा ई-मेल भेजा गया था। इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) के नाम से टीवी चैनलों को भेजे गए मेल का आइडी, छोटूमिनालियाउशमान एट जीमेल डाट काम था। दिल्ली धमाके के बाद चार ईमेल भेजे गए थे, जिसमें बांग्लादेश में सक्रिय हरकत-उल- जिहाद-ए-इस्लामी (हूजी) और इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) की ओर से विस्फोट की जिम्मेदारी का दावा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद एनआइए की टीम सनी शर्मा को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है। इससे पहले सोमवार को खबर थी कि दिल्ली विस्फोट सहित अन्य आतंकी हमले के बाद धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में एनआइए ने सिलीगुड़ी से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक वह आतंकी है, जो हमले के दौरान जख्मी हो गया था और अपना उपचार सिलीगुड़ी के एक निजी नर्सिग होम में करा रहा था। लेकिन बंगाल पुलिस और कोलकाता के एसटीएफ ने सिलीगुड़ी से किसी को गिरफ्तार किए जाने की सूचना से इनकार कर दिया था

No comments:

Post a Comment