Wednesday, September 14, 2011

कश्मीर में लश्कर का दुर्दात कमांडर मुठभेड़ में मारा गया

 श्रीनगर कश्मीर में सुरक्षाबलों के लिए सिरदर्द बना लश्कर-ए-तैयबा का दुर्दात डिवीजनल कमांडर अब्दुल्ला यूनी मंगलवार को सोपोर में अपनी माशूका से मिलने के चक्कर में मारा गया। इस दौरान एसपी सोपोर भी ग्रेनेड के छर्रे लगने से आंशिक रूप से जख्मी हो गए। यूनी करीब दो दर्जन से अधिक निर्दाेष नागरिकों की हत्या के अलावा सुरक्षाबलों पर कई हमलों में शामिल रहा है। एसपी सोपोर इम्तियाज हुसैन ने बताया कि अब्दुल्ला यूनी का असली नाम अजहर मलिक पुत्र रियाज मलिक है। वह पाकिस्तान के मुल्तान शहर का रहने वाला था। पुलिस को सूचना मिली कि यूनी रात को सोपोर के बागात-ए-बटपोरा इलाके में तबस्सुम नामक युवती के घर पर था। बताया जा रहा है कि यूनी ने तबस्सुम से शादी भी कर ली थी। दोपहर को जब सुरक्षाबलों ने घेराबंदी की तो वह मुगली नामक एक महिला के घर में छिप गया। इसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने मिलकर अभियान आगे बढ़ाया। इस पर यूनी अपना ठिकाना बदलते हुए एक खाली मकान में घुस गया। यूनी के साथियों ने उसे निकालने के लिए कवर फायर भी दिया, लेकिन वह नाकाम रहे। यूनी को मार गिराने के बाद उसके दो साथियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने अभियान चला रखा है। मुठभेड़ के दौरान ग्रेनेड के छर्रे लगने से एसपी सोपोर भी जख्मी हो गए। उन्हें हाथ पर तीन टांके लगे हैं। बीते 2005 से कश्मीर में सक्रिय अब्दुल्ला यूनी ने ही अप्रैल में श्रीनगर में एक मस्जिद के बाहर बम धमाके में जमायत-ए-अहल-ए-हदीस के प्रमुख मौलाना शौकत की हत्या की साजिश रची थी। घुसपैठ का प्रयास नाकाम : घुसपैठ कराने के लिए छटपटा रहे पाकिस्तान ने सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा की नर्सरी पोस्ट पर गोलीबारी कर आतंकवादियों के एक दल को इस ओर धकेलने की कोशिश की। बीएसएफ की 59 बटालियन के सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात हुए इस प्रयास को नाकाम बना दिया। गांव बरोटा व कमौर कैंप की नर्सरी बार्डर आउट पोस्ट पर रात बारह बजे के करीब जवानों ने छह के करीब आतंकवादियों के एक दल को अंधेरे की आड़ में घुसपैठ के लिए तारबंदी के करीब आते देखा। हथियार बंद आतंकवादियों में से दो ने पीठ के पीछे भारी बैग भी उठा रखे थे। बीएसएफ ने इनको ललकारा और इससे पहले की वो पोजीशन लेते बीएसएफ के जवानों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आतंकवादियों को कवर फायर देने के लिए पाकिस्तानी रेंजरों ने भी न्यू टेंट पोस्ट से गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग करीब 30 मिनट तक चली। इसमें किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है। मंगलवार सुबह जीरो लाइन पर बीएसएफ अधिकारियों ने पाक रेजरों से फ्लैग मीटिंग कर इस मामले में एतराज जताया

No comments:

Post a Comment