Saturday, September 10, 2011

हम हर आतंकी हमला नहीं रोक सकते

नई दिल्ली दिल्ली उच्च न्यायालय विस्फोट के सूत्र तलाशने के लिए जांच एजेंसियां जहां अभी सिर ही पटक रही हैं। वहीं इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) ने शुक्रवार पहले दूसरा और फिर तीसरा मेल भेजकर एजेंसियों की नींद हराम कर दी है। इसमें अहमदाबाद में भीड़भाड़ वाली जगह में धमाका करने की धमकी दी गई है जिसके बारे में पता करना टेढ़ी खीर होगा। इस बीच गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को नए परामर्श जारी किए हैं। उधर दिल्ली पुलिस ने जांच में पूरी ताकत झोंकते हुए 200 पुलिसकर्मियों की तीन टीमें गठित की हैं। चिंतित प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक बुलाकर समीक्षा की और न्यायिक बिरादरी में मचे हड़कंप के मद्देनजर गृह मंत्री पी. चिदंबरम तथा कानून मंत्री सलमान खुर्शीद को सुप्रीम कोर्ट समेत सभी उच्च न्यायालयों की सुरक्षा चाकचौबंद करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। पांच महीने में लगातार तीन आतंकी हमले के बाद आलोचनाओं में घिरे चिदंबरम ने अपने बचाव में दलील दी कि सभी आतंकी हमले रोक पाना संभव नहीं है। मुंबई हमले के बाद ऐसा ही बयान कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भी दिया था। विस्फोट के तीसरे दिन मीडिया से मुखातिब हुए चिदंबरम के पास जांच में प्रगति के बारे में बताने के लिए कुछ खास नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि जांच एजेंसियों को फिलहाल ठोस सबूत नहीं मिले हैं, पर उन्हें उम्मीद की कुछ किरणें जरूर दिख रही हैं। उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ के साइबर कैफे से हमले की जिम्मेदारी लेने वाले हूजी का ई-मेल भेजने वाले को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गृह मंत्रालय के लिए चिंता के सबसे सबब आइएम के ई-मेल हैं। आइएम ने पहले गुरुवार को दिल्ली में मंगलवार के दिन किसी शॉपिंग माल में धमाका करने की धमकी वाला मेल भेजा था जबकि शुक्रवार को मास्को से दूसरा और फिर शाम को कहीं से तीसरा ई-मेल भेजा गया। मास्को से कूट भाषा में भेजे गए दूसरे ई-मेल के बारे में तीसरे ई-मेल में स्पष्ट किया गया है कि यह सही है और अगला धमाका अहमदाबाद में भीड़भाड़ वाली जगह में होगा। इसके बारे में पता करना एनआइए और दिल्ली पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा। इसे रोक सकते हो तो रोक लो। यह मेल आइएम के छोटू की तरफ से भेजा गया है। हाईकोर्ट धमाके पर सबसे पहला मेल हूजी ने कश्मीर के किस्तवाड़ से भेजा था लेकिन आइएम ने उसके दावे को खारिज कर दिया था। इन ई-मेल को सरकार ने गंभीरता से लिया है। गृहमंत्री चिदंबरम ने दिन में गुजरात समेत सभी राज्यों को नए सिरे से एडवाइजरी जारी की है। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति वाली जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। हाई कोर्ट धमाके की जांच में एनआइए की 20 सदस्यीय टीम और 17 सदस्यीय सहयोगी टीम के बाद शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने 200 पुलिसकर्मियों को झोंक दिया। तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटी गई इन टीमों का नेतृत्व अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अशोक चांद करेंगे। कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक में भी हाई कोर्ट पर हमले का मुद्दा उठा। प्रधानमंत्री ने चिदंबरम को सुप्रीम कोर्ट समेत देश के तमाम उच्च न्यायालयों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए कहा

No comments:

Post a Comment