Saturday, September 10, 2011

धमाके के तार उत्तर प्रदेश और बंगाल से जुड़े

,नई दिल्ली दिल्ली हाईकोर्ट में धमाके के चौथे दिन एजेंसियों की जांच को कुछ दिशा मिलती दिखी। छोटू मियां के नाम से भेजे आतंकी संगठन के ईमेल की पड़ताल के बाद इंडियन मुजाहिदीन पर एजेंसियों का संदेह गहराने लगा है। साथ ही घटना के तार यूपी और बंगाल से भी जुड़ रहे हैं। केंद्रीय गृह सचिव आरकेसिंह ने धमकी के सभी मेल भारत के भीतर से आने की बात कह कर इस आशय के संकेत भी दे दिए हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, इंडियन मुजाहिदीन के दो ईमेल मोबाइल फोन से कोलकाता से भेजे गये हैं। ईमेल उर्दू और हिंदी में मिले-जुले हैं। ऐसी भाषा का प्रयोग लखनऊ-कानपुर के आसपास होता है। इसीलिए जांच की दिशा जम्मू-काश्मीर के बजाय अब कोलकाता व यूपी की ओर मुड़ गई है। मोबाइल फोन और सिम जिस दुकान से खरीदा गया था, उससे पूछताछ हो गई है। दोनों फर्जी परिचय पत्र के आधार पर खरीदे गये थे, जो बरामद हो गये हैं। फोन व सिम के नष्ट कर दिये जाने की आशंका है। यह इससे भी साफ हो जाता है कि आखिरी ईमेल में छोटू मियां ने जांच एजेंसियों व मीडिया को चुनौती दी है कि ढूंढ़ लो तो जानें। चूंकि मोबाइल से ईमेल की जगह कोलकाता और संदेश की भाषा यूपी की चिन्हित हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि आतंकी वहां से दिल्ली आकर होटल या गेस्ट हाउस में ठहरे होंगे। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस के 200 जवानों को करोलबाग-पहाड़गंज जैसे क्षेत्रों के गेस्ट हाउसों की जांच में लगाया गया है। गेस्ट हाउस मालिकों को विस्फोट के तीन दिन पहले व दो दिन बाद के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जमा करने को कहा गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक टीम ने किश्तवाड़ में साइबर कैफे से भेजे ईमेल मामले की जांच में शनिवार को भी दो युवकों से पूछताछ की। किश्तवाड़ में अब तक एक दर्जन लोगों को खंगाला गया है। हालांकि पूछताछ में एजेंसियों के हाथ कुछ ठोस नहीं लगा। इसी तरह,राजस्थान के अलवर में दो कश्मीरियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनका चेहरा दिल्ली पुलिस के जारी स्केच से मेल खा रहा है। दोनों युवक शुक्रवार शाम दिल्ली से आने वाली बस से आये थे और गेस्ट हाउस का कमरा ढूढ़ रहे थे। मुंबई पुलिस ने भी दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की,जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में बुधवार को आंतकियों ने हाईकोर्ट के प्रवेश द्वार संख्या पांच के सामने शक्तिशाली विस्फोट कर समूचे देश को हिलाकर रख दिया था। इस आतंकी घटना की चपेट में आकर 13 लोग काल का ग्रास बने तथा दर्जनों अन्य घायल हुए। आंतकियों ने घटना को अंजाम देने के लिए अति उन्नत विस्फोटक का इस्तेमाल किया था

No comments:

Post a Comment