ठ्ठ जागरण संवाददाता, रांची मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां देश भर में संदिग्ध लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। इसी कड़ी में रांची के बरियातू निवासी मंजर इमाम उर्फ जावेद की तलाश में एनआइए (नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी) की टीम रांची में जमी हुई है। गुरुवार की मध्य रात्रि को एनआइए हैदराबाद की एक टीम मंजर के घर गई और उसके परिजनों से पूछताछ की। सुरक्षा एजेंसियों को अहमदाबाद में हुए धमाकों के बाद से ही मंजर की तलाश है। इस सिलसिले में पिछले महीने पुलिस ने बरियातू के ही दानिश रियाज उर्फ शाकिन को गिरफ्तार किया है। दानिश इंडियन मुजाहिदीन का आतंकी है। मंजर और दानिश दोस्त हैं। गुरुवार की रात मंजर के घर पहुंचने के बाद एनआइए की टीम ने उनके परिजनों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। फिर यह कहकर वहां से निकल गई कि कल आएंगे। शुक्रवार को दिन के करीब 12:15 बजे एनआइए के तीन अधिकारियों की टीम बरियातू पहुंची। तब तक मीडियाकर्मियों को भी भनक लग चुकी थी और मंजर के घर के बाहर जमावड़ा लगा था। मीडियाकर्मियों को भारी तादाद में देख एनआइए के अधिकारी कुछ ही देर में वहां से लौट आए। उन्होंने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब भी नहीं दिया। पुलिस प्रूफ करे, हम मंजर को सौंप देंगे : परिजन मंजर इमाम के घर छापेमारी से बरियातू बस्ती के मुस्लिम समुदाय आक्रोशित हैं। मंजर के पिता मोहम्मद अली इमाम व अन्य लोगों ने एक स्वर में कहा कि पुलिस प्रूफ कर दे कि मंजर इमाम आतंकवादी है, सबलोग पुलिस का सहयोग करेंगे और मंजर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर देंगे। अली इमाम खान का कहना है कि दो बार पहले भी हैदराबाद व दिल्ली की टीम उनके घर छापा मार चुकी है। परिजनों की मानें तो पुलिस के दबाव में मंजर बीमार पड़ गया है और तनाव में आ गया है। वह रांची में ही है।
No comments:
Post a Comment