श्रीनगर कश्मीर के हंदवाड़ा में 15 घंटे चली मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी कमांडर मुस्लिम जरार सहित तीन दुर्दात आतंकी मारे गए। वहीं, किश्तवाड़ में शीशा के जंगलों से सुरक्षाबल ने अभियान चलाकर भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया। हंदवाड़ा के बाग-ए-हक्खर गांव के मीर मुहल्ले में लश्कर के आतंकियों ने अपना भूमिगत ठिकाना बना रखा था। शुक्रवार दोपहर इसकी सूचना मिलने पर सेना व पुलिस के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाया। रात करीब 9:00 बजे जब जवानों ने ठिकाने की घेराबंदी की तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आम लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षाबलों ने कोई बड़ी जवाबी कार्रवाई नहीं की, पर आतंकियों को घेरे रखा। शनिवार सुबह होते ही भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। सुरक्षा बलों ने तीनों आतंकी दोपहर तक मार गिराए गए। मुठभेड़ स्थल से अभी तक दो शव बरामद हो गए हैं, तीसरे शव की तलाश हो रही है। एसपी हंदवाड़ा मोहम्मद असलम चौधरी ने बताया कि मुठभेड़ में आतंकी ठिकाना पूरी तरह मलबे का ढेर बन चुका है। दो शवों में एक पाकिस्तानी मूल के लश्कर के दुर्दात आतंकी मुस्लिम जरार का है। दूसरे की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद शफी मीर और उसके भाई से भी पूछताछ की जाएगी। उधर, किश्तवाड़ के शीशा के जंगलों में भी सुरक्षाबल ने शनिवार को अभियान चलाकर आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर दिया। वहां से कई तरह की गन, राइफल, दस ग्रेनेड लांचर, तीन चाइनीज ग्रेनेड व विभिन्न बोर के सैकड़ों कारतूस बरामद किए। बम फटने से दो युवकों की मौत श्रीनगर : बारामूला जिले में शनिवार को दो युवकों की जंगल में पड़े बम ने जान ले ली। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय बाबर खान और 21 वर्षीय इश्फाक अहमद खान के रूप में हुई। नारदजी बहक इलाके में गुज्जर समुदाय के दो युवक अपने मवेशी लेकर जंगल में गए थे। वहां उन्होंने एक बम देखा तो उत्सुकतावश उठा लिया। तभी बम जोरदार धमाके के साथ फट गया।
No comments:
Post a Comment