श्रीनगर, जागरण ब्यूरो : सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को लश्कर-ए-तैयबा की कमर तोड़ते हुए उसके पांच प्रमुख पाकिस्तानी कमांडरों को कश्मीर के लोलाब में एक भीषण मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान एक सैन्यकर्मी शहीद व एक कैप्टन समेत चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। लश्कर के पांच कुख्यात कमांडर कारी सैफुल्ला हमाद, साकिब, ओसामा, अबु साद और मुहम्मद गुरुवार शाम एक बैठक के सिलसिले में कुपवाड़ा जिले के मैदानपोरा-लोलाब गांव में आए। इन आतंकियों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से रिटायर हुए गुलाम मुहम्मद मीर के तिमंजिला मकान में शरण ली। इसकी भनक सुरक्षाबलों को लगी और राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल व 18 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने गांव का रुख किया। रात में गुपचुप तरीके से सुरक्षाबलों ने आसपास के सभी मकानों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने कार्रवाई शुरू की। इसके बाद मकान में आतंकियों ने अलग-अलग जगह पोजीशन लेकर सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। शाम 4:00 बजे तक सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को ढेर कर दिया। इस दौरान उनका ठिकाना बना मकान भी तबाह हो गया। वहीं, राष्ट्रीय राइफल्स के सैनिक सुमेर सिंह मकान में दाखिल होकर अंतिम आतंकी को मार गिराने के प्रयास में शहीद हो गए। मारे गए पांच आतंकी लश्कर के नामी कमांडर थे। इनमें कारी सैफुल्ला हमाद को डिवीजनल कमांडर बताया जाता है। डीआइजी उत्तरी कश्मीर मुनीर खान ने बताया कि मारे गए पांचों आतंकियों पर 2 से 10 लाख रुपये तक का इनाम था।
No comments:
Post a Comment