Saturday, July 16, 2011

देशभर में छापेमारी, नतीजा शून्य

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली मुंबई में बुधवार को हुए श्रृंखलाबद्ध बम धमाकों के जिम्मेदार आतंकियों के साथियों व मददगारों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। इस सिलसिले में दिल्ली,मुरादाबाद, इलाहाबाद, फैजाबाद, मेरठ, गोरखपुर, रांची, हरिद्वार व रुड़की में संदिग्ध आतंकियों के ठिकानों की तलाशी के साथ ही जेल में बंद आतंकियों से मिलने वालों की पड़ताल की गई पर नतीजा शून्य रहा। दो दिनों की कवायद के बाद सुराग के नाम पर जांच एजेंसियों के हाथ में विस्फोट स्थल से मिला क्षतिग्रस्त स्कूटर, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, घटना के तुरंत बाद आए फोन और ईमेल का विवरण है। धमाकों की तलाश में जहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की तीन सदस्यीय टीम ने देर रात रांची में आइएम आतंकी मंजर इमाम के घर पर दबिश दी, वहीं उत्तरप्रदेश एटीएस ने मऊ, मुरादाबाद, इलाहाबाद, फैजाबाद, मेरठ और गोरखपुर में कई स्थानों पर छापा मारा। जांच में सहयोग के लिए एटीएस तीन सदस्यीय टीम गुरुवार को ही मुंबई पहुंच चुकी है। मुगलसराय स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में रेल पटरियों की फोटो खींचने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों के दल ने उत्तराखंड के हरिद्वार जेल में बंद आइएसआइ एजेंट आबिद, फुरकान और सुलतान से मिलने वालों की जानकारी ली है। साथ ही इनके मेरठ और बीकानेर में संपर्को की पड़ताल भी की जा रही है। यहां कुछ होटलों, धर्मशालाओं और आश्रमों में पिछले दो माह के दौरान रुकने वालों पर भी एजेंसियों की नजर है। 2008 के अहमदाबाद धमाकों के आरोपी मंजर इमाम के घर एनआइए की तलाशी के साथ ही दिल्ली पुलिस भी उसकी खोज में जुटी है। मंजर के साथ ही पुलिस को 2008 में दिल्ली बम कांड के आरोपी जुनैद की भी तलाश है। ये दोनों आइएम के अन्य आतंकियों के साथ दिल्ली में सक्रिय रहे हैं। बाटला हाउस एनकाउंटर और उसके बाद की कार्रवाई के बाद से ये दोनों फरार हैं। कुछ समय पूर्व जुनैद दिल्ली में देखा गया था। हाईकोर्ट की कार पार्किग में हुए विस्फोट को उससे जोड़कर देखा जा रहा है। एजेंसियों के अनुसार, जुनैद और मंजर पाकिस्तान में बैठे रियाज भटकल और इकबाल भटकल के साथ ही मुंबई और गुजरात के आइएम आतंकियों के संपर्क में है। ये दोनों मुंबई धमाकों की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। इसके साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसियों ने इस साल फरवरी में आइएम आतंकियों की बातचीत के रिकार्ड को फिर से खंगालना शुरू कर दिया है। इसमें आतंकियों ने देश के प्रमुख शहरों को निशाना बनाने की बात की थी।


No comments:

Post a Comment