पटियाला पंजाब पुलिस ने शिव सेना कार्यकर्ताओं को बुधवार को आपरेशन ब्लू स्टार को अंजाम देने वाले जनरल अरुण श्रीधर वैद्य का शहीदी दिवस नहीं मनाने दिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। श्रद्धांजलि समारोह रोकने के लिए पुलिस ने सुबह पांच बजे ही पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। इसके अलावा दर्जनों शिव सैनिकों को हिरासत में लिया गया है। शिव सेना ने बुधवार को जनरल वैद्य को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम रखा था। इसके लिए लगभग तैयारियां पूरी थीं, लेकिन पुलिस ने एसजीपीसी चुनाव और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शांति व्यवस्था बरकरार रखने की दलील देकर मंगलवार रात को शिवसेना के राज्य उपाध्यक्ष हरीश सिंगला पर समारोह रद करने दबाव बनाया, पर सिंगला ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने देर रात शिव सैनिकों के घरों पर दबिश देकर उनको हिरासत में ले लिया। साथ ही आयोजन स्थल पर ताला लगाकर फोर्स तैनात कर दी। इसके विरोध में बुधवार सुबह शिवसेना के राज्य उपाध्यक्ष हरीश सिंगला ने अपने दो दर्जन समर्थकों के साथ सरहंदी गेट पर गिरफ्तारी दी। पुलिस ने समारोह में हिस्सा लेने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए कार्यकर्ताओं को शहर में घुसने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस संबंध में किसी भी कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। 1984 में जनरल वैद्य ने ही अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार की पूरी रणनीति तैयार की थी। रिटायरमेंट के बाद वह परिवार सहित पुणे में रहने लगे थे। यहीं 10 अगस्त 1986 को मार्केट जाते वक्त उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाद में खालिस्तान कमांडो फोर्स ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इसे ऑपरेशन ब्लू स्टार के बदले में की गई कार्रवाई बताया था।
No comments:
Post a Comment