Monday, August 1, 2011

घुसपैठ नाकाम करते दो जवान शहीद


श्रीनगर सेना ने उत्तरी कश्मीर में सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के एलओसी से सटे फुरिकयान गली में शनिवार को घुसपैठ के एक प्रयास को नाकाम बना दिया, लेकिन इसमें दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए। बीते 48 घंटों के दौरान सीमा पार से घुसपैठ का यह दूसरा प्रयास है। जानकारी के अनुसार, देर शाम गए फुरकियान गली इलाके में गश्त कर रहे जवानों को एलओसी पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आई। उन्होंने इलाके की छानबीन की तो उन्हें घुसपैठियों का एक दल नजर आया। जवानों ने उसी समय निकटवर्ती चौकियों को सूचित करते हुए घुसपैठियों को ललकारा। स्वचालित हथियारों से लैस आतंकियों ने जवानों की ललकार सुनते ही वापस भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाब में गोली चलाई और उसके बाद से वहां जारी मुठभेड़ में अंतिम सूचना मिलने तक दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। घुसपैठियों की तादाद की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन बताया जाता है कि उनकी तादाद एक दर्जन के आस-पास है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस बरार ने घुसपैठ की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ जारी है। इसमें हमारे दो जवान शहीद हुए हैं। गत शाम कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में सेना ने घुसपैठ के एक प्रयास को नाकाम बनाते हुए एक घुसपैठिए को मार गिराया था। हंदवाड़ा में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर श्रीनगर, जागरण ब्यूरो : हंदवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने रातभर चली मुठभेड़ के बाद शनिवार सुबह एक आतंकी को मार गिराया। अलबत्ता, तीन अन्य आतंकी बच निकलने में कामयाब रहे। उनकी धरपकड़ के लिए सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चला रखा है। सूत्रों की मानें तो मारा गया आतंकी लश्कर का है। मिली जानकारी के अनुसार हंदवाड़ा के पास दासपोरा-रत्नीपोरा गांव में शुक्रवार की रात चार आतंकी दाखिल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस व सेना के जवानों ने मिलकर आतंकियों को पकड़ने का अभियान चलाया। रात साढे़ नौ बजे सुरक्षा बलों के जवान गांव में दाखिल हुए। तभी उन पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायर किया। साथ ही आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। रात भर घिरे आतंकी रुक-रुककर फायरिंग करते रहे। शनिवार सुबह सुरक्षा बलों ने जब कार्रवाई तेज की, तो एक आतंकी मौके पर मारा गया। जबकि तीन आतंकी भागने में कामयाब रहे।

No comments:

Post a Comment