बांडीपोरा जिले के अंतर्गत गुरेज सेक्टर में गत शनिवार को शुरू हुआ घुसपैठियों के खिलाफ तलाशी अभियान रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सेना के जवान मुठभेड़ में घायल होने के बावजूद बच निकले में कामयाब रहे चार से पांच आतंकियों को तलाश रहे हैं। गौरतलब है कि गत शनिवार को गुरेज सेक्टर के बग्तूर इलाके में सीमा पार से लगभग 17 आतंकियों के दो गुटों ने दो रबर किश्तियों में भारतीय इलाके में घुसपैठ का प्रयास किया था। इस घुसपैठ को नाकाम बनाते हुए एक लेफ्टिनेंट शहीद व दो अन्य जवान जख्मी हुए जबकि 12 घुसपैठिए मारे गए हैं। सेना की 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने गुरेज में तलाशी अभियान के जारी रहने की पुष्टि करते हुए बताया कि हमारे सूत्रों ने निकटवर्ती जंगल में एक ठिकाने का पता दिया है। वहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। वहां ताजा खून के धब्बे भी पाए गए हैं। हमारे जवान उन धब्बों के आधार पर वहां छिपे आतंकियों का पीछा कर रहे हैं। आशंका है कि वहां दो से तीन आतंकी और हो सकते हैं जो वापस जाने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पांच आतंकी बच निकलने में कामयाब रहे हैं। ये आतंकी एलओसी के इस तरफ जंगल में छिपने में कामयाब रहे हैं और उनकी जवानों के साथ गत देर रात गए भी गोलीबारी हुई है। उन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है।
No comments:
Post a Comment