पूर्णिया 13 जुलाई को मुंबई बम धमाके में प्रयोग किया गया अमोनियम नाइट्रेट सीमांचल (किशनगंज-कटिहार) के रास्ते ट्रेन से पहंुचाया गया था। इसका खुलासा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की टीम ने किया है। एनआइए की टीम ने आपूर्तिकर्ता पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मोहम्मद जियारत शेख को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है। जियारत ने स्वीकार किया है कि अमोनियम नाइट्रेट की आपूर्ति उसने ही की थी। हिजबुल के तीन आतंकियों ने यह खेप ट्रेन से मुंबई पहुंचाई थी। हालांकि, जांच में जुटे अधिकारी सीमांचल के उस जिले का नाम नहीं खोल रहे हैं। लेकिन रेल मार्ग के खुलासे के बाद यह जिले किशनगंज या कटिहार हो सकते हैं। जियारत ने यह भी बताया है कि सीमावर्ती क्षेत्र दालाकोला, इस्लामपुर और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक आतंकियों के सुरक्षित ठिकाने हैं। इस खुलासे के बाद एनआइए की टीम ने मालदा जिले से हिजबुल के एक आतंकी मोहम्मद सलीम खान को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उसकी निशानदेही पर अब खेप पहुंचाने वाले तीन आतंकियों की खोज की जा रही है। मुंबई धमाके के बाद से सभी फरार हैं। मुंबई बम धमाके का तार मुर्शिदाबाद से जुड़ने के बाद एनआइए टीम अब किशनंगज से गिरफ्तार बांग्लादेशी आतंकी आकाश खान के मामले में और सक्रिय हो गई है। इस बांग्लादेशी आतंकी के फर्जी नाम और पते पर मुर्शिदाबाद में भी बैंक खाते मिले हैं। मुंबई विस्फोट के बाद उसने वहां किसी महिला से मोबाइल पर काफी देर तक बात की थी। किशनगंज पुलिस अब मुंबई पुलिस के सहयोग से यह पता करने में जुटी है कि वह महिला कौन है और आकाश के साथ उसके क्या संबंध हैं।
No comments:
Post a Comment