Wednesday, August 24, 2011

डॉन ने फोन पर सुनी पिता के जनाजे की नमाज


अंडरव‌र्ल्ड सरगना छोटा शकील अपने पिता के जनाजे में शामिल नहीं हो सका। हालांकि, इस दौरान वह फोन के जरिये अपने परिवार के संपर्क में रहा। उसने जनाजे की नमाज भी फोन पर ही सुनी। कराची में रह रहे अंडरव‌र्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के दाहिने हाथ के तौर पर पहचाना रखने वाले छोटा शकील के पिता बाबू मिस्त्री शेख (85) का शुक्रवार की शाम देहांत हो गया था। औरंगाबाद से कुछ रिश्तेदारों के मुंबई पहुंचने के बाद शनिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया। भारत में कई गंभीर मामलों में वांछित होने के कारण छोटा शकील अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सका। हां, दाऊद परिवार के प्रतिनिधि के रूप में दाऊद का छोटा भाई इकबाल कास्कर अंतिम संस्कार में शामिल हुआ। कुछ दिन पहले बाबू भाई को चर्नी रोड स्थित सैफी अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि, मौत के समय वह अपने दक्षिण मुंबई के टेमकर रोड स्थित घर पर ही थे। बाबू भाई की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी उनके घर गए थे। शनिवार सुबह तड़के उनकी शवयात्रा निकाली गई। वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिस व खुफिया एजेंसियों के लोग भी शवयात्रा के आसपास देखे गए। शवयात्रा की शुरुआत उनके घर के पास की एक मस्जिद में जनाजे की नमाज से हुई। फिर मरीन लाइंस के बड़ा कब्रिस्तान में फजल की नमाज के बाद उन्हें दफनाया गया। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान छोटा शकील फोन से लगातार अपने निकटस्थ लोगों के संपर्क में रहा। उसने अपने पिता के जनाजे और फजल की नमाज को फोन पर ही सुनकर तसल्ली की।

No comments:

Post a Comment