श्रीनगर, जागरण ब्यूरो : आतंकियों ने गुरुवार को तीन घंटे के अंतराल पर कश्मीर के बारामूला व बटमालू में ग्रेनेड हमले किये। इन हमलों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य जख्मी हुए हैं। इन धमाकों के बाद पूरी घाटी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। आतंकियों ने पहला हमला दोपहर करीब 12:30 बजे बारामूला कस्बे की झेलम मार्केट में किया। मार्केट में खरीदारी कर रहे बीएसएफ की नौंवी वाहिनी के जवानों पर ग्रेनेड फेंका गया। इसमें एक स्थानीय नागरिक और जवान यू. हालदार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल जवान नरेश कुमार को श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरा हमला ठीक तीन घंटे बाद 3:30 बजे बटमालू बस स्टैंड पर सीआरपीएफ के बंकर के पास हुआ। आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका जो वहां खड़े लोगों के पास फटा। इस हमले में 12 लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। फिलहाल, किसी भी आतंकी संगठन ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तानी सेना ने दागे रॉकेट पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार की देर शाम जम्मू के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में पांच भारतीय पोस्टों पर जमकर गोलीबारी की। इस दौरान करीब दो दर्जन रॉकेट भी दागे। हमले में कोई नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन बताया कि गया है कि गोलीबारी घुसपैठ करवाने के लिए की गई थी। इस घटना के बाद सीमा पर चौकसी और बढ़ा दी गई है।
No comments:
Post a Comment