आतंकियों ने मंगलवार आधी रात के बाद फिरौती की रकम देने के बाद अगवा किए पंचों को छोड़ दिया है। वहीं, हथियारों संग आतंकियों से जा मिले दो एसपीओ और दो इख्वानियों का बुधवार शाम तक सुराग नहीं मिला था। गौरतलब है कि आतंकियों ने पुलवामा जिले के अबहामा गांव में सोमवार रात को मस्जिद में नमाज अता कर रहे दो पंचों गुलाम मोहम्मद वग्गे और कासिम घोरसी को अगवा कर लिया था। पुलिस ने तलाश में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कहा जाता है आतंकियों ने पंचायत चुनाव में भाग लेने पर पंच-सरपंचों पर भारी जुर्माने का एलान किया है। न देने वाले को जान से मारने की धमकी दी है। दोनों पंच फिलहाल, सदमे में हैं। आतंकियों ने उनसे मारपीट की है। एसएसपी पुलवामा ने दोनों पंचों के घर लौट आने की पुष्टि तो की है, लेकिन उनके द्वार फिरौती अदा किए जाने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि हमने अभी इनसे पूछताछ नहीं की है, क्योंकि वे सदमे में हैं। इस समय दोनों परिजनों के संग हैं। हम कल या परसों उनसे बात करेंगे। इस बीच, कुलगाम जिला पुलिस लाइन से सोमवार शाम को इफ्तार के वक्त हथियारों संग फरार हुए दो एसपीओ और दो इख्वानी आज भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिन हालात में ये चारों गायब हुए हैं और जिस तरह से उन्होंने हथियार लूटे, उससे साफ होता है कि वे आतंकियों से संपर्क में थे। इन चारों के आतंकियों के साथ जा मिलने की आशंका है। एसपी कुलगाम ने कहा कि हमने इन चारों के बारे में कुछ सुराग जुटाए हैं। जल्द ही हम इन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ लेंगे।
No comments:
Post a Comment