सुरक्षाबलों ने रविवार को हंदवाड़ा के वुडडर पायीन के बुतशुगनी इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के उत्तरी कश्मीर के डिवीजनल कमांडर फहदुल्ला को भी मार गिराया। इस आतंकी के मारे जाने के साथ ही गत छह दिनों से इलाके में जारी आतंकरोधी अभियान में मरने वाले आतंकियों की तादाद तीन हो गई है। इससे पूर्व लांचिंग कमांडर अबु दुजाना और अबु दारदा मारे गए हैं। यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि जंगल में आतंकियों के एक दल के छिपे होने की सूचना के आधार पर राज्य पुलिस, 7 आरआर और स्पेशल फोर्सिस के जवानों के एक संयुक्त कार्यदल ने दो अगस्त को तलाशी अभियान छेड़ा था। उसी रात जवानों ने अबु दुजाना को मार गिराया, लेकिन उसके अन्य साथी भाग गए थे। जवानों ने अबु दुजाना का शव अपने कब्जे में लेते हुए उसके साथियों को पीछा जारी रखा और उन्हें दोबारा मुठभेड़ में उलझा लिया। इसके बाद तीन अगस्त को दोपहर बाद अबु दारदा को मार गिराया, लेकिन डिवीजनल कमांडर फहदुल्ला अपने साथियों के साथ फिर से बच निकला था। जवानों ने मुठभेड़ स्थल से मिले सुरागों और उसके रेडियो सेट की फ्रीक्वेंसी को इंटरसेप्ट कर उसे फिर घेरकर ढेर कर दिया। डीआईजी उत्तरी कश्मीर रेंज मुनीर खान ने बताया कि फहदुल्ला के साथियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान जारी है। फहदुल्ला को 18 जून को मारे गए अबु जिब्रान के स्थान पर लश्कर ने उत्तरी कश्मीर का डिवीजनल कमांडर बनाया था। वह तीन दर्जन से ज्यादा आतंकी वारदातों में पुलिस को वांछित था।
No comments:
Post a Comment