Tuesday, August 2, 2011

जरूरी नहीं हर मामले की जांच एनआइए को सौंपी जाए


नई दिल्ली गृह मंत्री पी चिदंबरम ने दावा किया है कि मुंबई सीरियल ब्लास्ट की जांच में एटीएस ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। वहीं टूजी मामले में भाजपा के हमलों से परेशान चिदंबरम ने एक बार फिर इसे दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अंजाम दी गईं आतंकवादी घटनाओं में उनके विभाग द्वारा दिखाई गई सक्रियता से जोड़ा। कुछ दिनों पहले ही गृहमंत्री ने आरोप लगाया था कि मालेगांव, अजमेर, समझौता ट्रेन विस्फोट समेत कई मामलों की जांच में तेजी दिखाने की वजह से भाजपा उन पर निशाना साध रही है। गृह मंत्री ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के गठन के बावजूद मुंबई सीरियल ब्लास्ट सहित दूसरी बड़ी आतंकवादी घटनाओं की जांच इसे नहीं सौंपे जाने का भी बचाव किया है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि हर मामले इसे सौंपे जाएं। जब तक लगता है कि जांच सही दिशा में जा रही है, उसमें छेड़छाड़ करने की जरूरत नहीं है। हालांकि आज के वक्तव्य में चिदंबरम ने किसी खास आतंकवादी घटना का नाम लेने से परहेज किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ भाजपा नेताओं ने बातचीत में उनसे कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि 2007 में वित्त मंत्री के तौर पर काम करने के दौरान वे टूजी घोटाले में शामिल रहे हैं। मंत्रालय की मासिक प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए उन्होंने 2जी मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा की ओर से खुद को लपेटे जाने की कोशिश को सिर्फ एक आरोपी की दलील करार दिया है। चिदंबरम के मुताबिक मुंबई हमले की जांच में मुंबई एटीएस को हासिल हुई महत्वपूर्ण प्रगति के बारे में रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने उन्हें फोन पर सूचना दी है। गृह मंत्री ने एनआइए के गठन के बावजूद मुंबई सीरियल ब्लास्ट की जांच इसे नहीं सौंपे जाने का भी बचाव किया है। गृह मंत्री ने सोमवार को कहा कि वे एक बार फिर साफ करना चाहते हैं कि 2जी मामले में उनकी या प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कोई भूमिका नहीं रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले पर उन्होंने वित्त मंत्री के तौर पर आरोपी कंपनियों को लेकर अपना रवैया भी कभी नहीं बदला। चिदंबरम ने कहा कि हर साल स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी जाती है। लेकिन अब तक इस संबंध में आतंकवादी हमलों की आशंका जाहिर करने वाली कोई खुफिया सूचना नहीं मिली है, जिस आधार पर अलर्ट किया जाए।
  

No comments:

Post a Comment