सुरक्षाबलों ने बुधवार को हंदवाड़ा में लश्कर के नामी कमांडर अबु दुजाना को उसके एक साथी समेत मार गिराने का दावा किया है। रात नौ बजे खबर के लिखे जाने तक सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच गोलीबारी जा थी। वहीं, देर रात पुलवामा और शोपियां में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को घेर लिया है। दोनों जगहों पर रुक-रुककर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी है। एसपी हंदवाड़ा मोहम्मद असलम ने बताया कि इसमें पुलिस के एसओजी दस्ते के अलावा 21 आरआर और 6 पैरा के जवान संयुक्त रूप से हिस्सा ले रहे हैं। यह इलाका अत्यंत दुर्गम है और एक तरफ से वह एलओसी से सटा हुआ है। मुठभेड़ राजवार वन श्रृंखला के अंतर्गत भुतशगनी-कावनार जंगल में मूलडेरी इलाके में हो रही है। वहां पांच से ज्यादा आतंकियों के एक दल के छिपे होने की सूचना गत मंगलवार की शाम को मिली थी। उसी समय पुलिस, आरआर और पैरा के जवानों के एक संयुक्त कार्यदल ने अभियान छेड़ दिया। आतंकी जंगल में एक पहाड़ी पर पोजीशन लिए हुए हैं। मंगलवार देर रात शुरू हुई इस मुठभेड में लश्कर का नामी कमांडर अबु दुजाना सुबह मारा गया। इसके बाद वहां कुछ देर के लिए गोलीबारी थम गई। सुरक्षाबलों ने तलाशी लेते हुए दुजाना का शव बरामद किया और जब वह आगे बढ़ने लगे तो दोबारा फायरिंग शुरू हो गई। शाम चार बजे के करीब एक और आतंकी मारा गया है। इसका शव भी हमने अपने कब्जे में ले लिया है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। एसपी ने बताया कि फिलहाल, सुरक्षाबलों ने अन्य आतंकियों को घेर लिया है। दोनों तरफ से फायरिंग जारी है।
No comments:
Post a Comment