कश्मीर में सक्रिय सबसे बडे़ आतंकी संगठन के प्रमुख सैयद सलाहुदीन का असली नाम, उसके घर का पता और उसकी तस्वीर राज्य पुलिस के रिकार्ड से लेकर लगभग हर मीडिया घराने व सुरक्षा एजेंसियों के पास है। नहीं है तो सिर्फ सीबीआइ के पास। सीबीआइ की वेबसाइट पर रेड नोटिस कार्नर नोटिस वर्ग में जहां भारत के मोस्ट वांटेड आतंकियों और अपराधियों के नाम शामिल हैं, वहां जिस तरह से सलाहुदीन का जिक्र है, उससे तो यही साबित होता है। सूची में सलाहुदीन का नाम मोहम्मद यूसुफ शाह के रूप में दर्ज है, जिसके खिलाफ इंटरपोल ने 1998 में रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। इंटरपोल के लिए जारी रेड नोटिस कार्नर सूची में सलाहुदीन का सिर्फ नाम शामिल है। न उसका फोटो है और न जन्म तिथि, जन्म स्थान और न ही उम्र का कोई जिक्र है। उसके बालों का रंग, उसके परिवार के बारे में जानकारी भी उसके नाम के आगे से नदारद है। सीबीआइ ने सलाहुदीन के नाम के आगे स्वीकार किया है कि उसे इस आतंकी के नाम, कद-काठी, उम्र इत्यादि का कोई पता नहीं है। अलबत्ता, सीबीआइ ने यह जरूर कहा है कि यह व्यक्ति भारतीय नागरिक है और हिंदी, उर्दू व अंग्रेजी भाषा बोल लेता है। यहां यह बताना भी असंगत नहीं होगा कि सलाहुदीन जिसका असली नाम मोहम्मद यूसुफ डार उर्फ यूसुफ शाह है, सोईबुग-बडगाम का रहने वाला है। उसने 1987 में राज्य विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। कश्मीर ही नहीं देश के कई राष्ट्रीय समाचारपत्रों में और इलेक्ट्रॉनिक चैनलों में भी अक्सर उसके समाचार, वीडियो फुटेज और तस्वीरें आती रहती हैं। राज्य पुलिस से लेकर गुप्तचर ब्यूरो और रॉ जैसी संस्थाओं के पास भी इस व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी है। गत वर्ष सलाहदुीन के बीबी-बच्चों को पासपोर्ट भी जारी किया गया था। राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने अपना नाम न छापे जाने की शर्त पर कहा कि सीबीआइ के पास अगर जानकारी नहीं थी तो वह कम से कम हमें सूचित करती। ऐसा नहीं करना था तो वह इंटरनेट के किसी सर्चइंजन का भी सहारा ले सकती थी। उसके पास मोहम्मद यूसुफ डार उर्फ सलाहुदीन की पूरी जानकारी आ जाती और यह छीछलेदार नहीं होती। सैयद सलाहुदीन पाकिस्तानी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन का प्रमुख है।
No comments:
Post a Comment