Wednesday, June 1, 2011

राहुल भट्ट को हमले से पहले किया था आगाह


शिकागो की विशेष अदालत में डेविड हेडली ने खुलासा किया कि उसके मित्र और सहआरोपी तहव्वुर हुसैना राणा ने फिल्मकार महेश भट्ट के बेटे राहुल भट्ट को मुंबई पर हमले के दिन यानी 26 नवंबर को दक्षिण मुंबई जाने से मना कर दिया था। साथ ही हेडली ने बताया कि राणा बॉलीवुड में अपने हाथ अजमाने का इच्छुक था। उसकी इच्छा निर्देशक महेश भट्ट के बेटे राहुल को लेकर फिल्म बनाने की थी। राहुल के पिता उसका बॉलीवुड में करियर बनाने में मदद नहीं कर रहे थे। मगर उसकी यह हसरत पूरी नहीं हो सकी। यह बात शिकागो की अदालत में राणा के वकील पैट्रिक डब्ल्यू ब्लेगन की पूछताछ के दौरान 26/11 हमलों में मुख्य आरोपी डेविड कोलमैन हेडली ने कुबूली। पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक राणा इस योजना को इसलिए अंजाम नहीं दे पाया क्योंकि लश्कर-ए-तैयबा ने इसका विरोध किया था। आतंकी संगठन का कहना था कि यह उसकी विचारधारा के खिलाफ है। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकी हेडली ने बताया कि राणा ने ही उसे हमलों के दिन दक्षिण मुंबई जाने से मना किया था। इस आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे। हेडली ने वकील की इस बात से असहमति जताई उसकी योजना राहुल को मारने या अपहरण की थी। राहुल से उसकी मुलाकात जिम में हुई थी। उसने राहुल को अपना परिचय आर्मी रेंजर के रूप में दिया था। हेडली ने कहा कि हम अतिथियों को आमंत्रित करते हैं, लेकिन उनका अपहरण नहीं करते। इससे पहले ही उसने स्वीकार कर लिया था एक बार राहुल को पाकिस्तान के कबाइली इलाकों को दिखाने की भी बात हुई थी। उसने इस बात से सहमति जताई कि राहुल से दोस्ती करना पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ और लश्कर के प्रशिक्षण हिस्सों के नियमों के विरुद्ध था। लश्कर ने प्रशिक्षण के दौरान ही उसे लोगों से भावनात्मक रूप से न जुड़ने की हिदायत दी थी।
कश्मीर का बदला था मुंबई हमला
मुंबई हमले के साजिशकर्ताओं में शामिल डेविड कोलमैन हेडली ने शिकागो अदालत से कहा कि मुंबई हमले कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा कथित तौर पर मारे गए लोगों की हत्या का बदला लेने के लिया किया गया था। हालांकि उसने कहा कि अब उसे 26/11 नरसंहार को लेकर कोई गर्व नहीं है। जब बचाव पक्ष के वकील पैट्रिक डब्ल्यू ब्लेगन ने हेडली से पूछा कि क्या वो अब भी मुंबई हमलों को लेकर गर्व महसूस करता है, जिसमें 166 लोग मारे गए? अमेरिकी आतंकी ने कहा, नहीं। आतंकी हमलों के बाद उसे सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी पाशा, उसकी पत्‍‌नी, लश्कर आतंकी साजिद मीर ने उसे बधाई संदेश भी भेजे थे। हेडली से पूछताछ अब आगामी मंगलवार को होगी। वकील पैट्रिक द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में हेडली ने कहा उसे लगता है कि मुंबई हमला कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा कथित तौर मारे गए लोगों का बदला लेने के लिए किया गया था।
भारत में केवल अपना व्यापार बढ़ाना चाहता था राणा
पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर राणा का बचाव कर रहे वकीलों का कहना है कि राणा को मुंबई हमले की साजिश की जानकारी नहीं थी। वह भारत में केवल अपने आव्रजन व्यापार का विस्तार करना चाहता था। अभियोजन पक्ष के अनुसार 12 आरोपों में दोषी पाए गए हेडली ने अपने पुराने मित्र राणा के व्यापार की आड़ में मुंबई और डेनमार्क में निशाना बनाए जा सकने वाले इलाकों का दौरा किया था। राणा का बचाव कर रहे वकील चार्ली स्विफ्ट ने गुरुवार को यह बताने का प्रयास किया था कि राणा को हेडली के मुंबई हमले या फिर डेनमार्क के समाचार पत्र पर हमले की साजिश के बारे में पता नहीं था। स्विफ्ट ने कहा कि 26/11 से महज कुछ सप्ताह पहले ही राणा कुछ दिनों के लिए भारत में अपने कार्यालय की जांच करने गया था। डेनमार्क के लिए मुंबई से भी घिनौनी साजिश हेडली ने खुलासा किया है कि वह और उसके साथी डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन पर हमले की मुंबई से भी ज्यादा घिनौनी साजिश रच रहे थे। इसमें लोगों को बंधक बनाने और फिर सिर कलम कर खिड़की से बाहर फेंकने की योजना थी। कोपेनहेगन की यह खुशनसीबी रही कि अपने घिनौने मंसूबे को अंजाम देने से पहले हेडली गिरफ्तार कर लिया गया। हेडली इस हमले की योजना खुद बना रहा था और इसके लिए रकम का इंतजाम भी खुद करने वाला था। उसकी इस साजिश में इलियास कश्मीरी भी शामिल था.

No comments:

Post a Comment