Wednesday, June 1, 2011

हेडली ने किया अलकायदा की साजिश का खुलासा


चार दिन के अंतराल के बाद मंगलवार को मुंबई पर हमले के सह आरोपी तहव्वुर राणा के खिलाफ मुकदमे की शिकागो की अदालत में सुनवाई शुरू हुई। इसमें अब तक लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के बारे में जानकारी देते आ रहे डेविड कोलमैन हेडली ने अलकायदा के बारे में ताजा खुलासा किया। उसने बताया कि अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन हमलों से झुंझलाए अलकायदा नेता इलियास कश्मीरी ने लॉकहीड मार्टिन के सीईओ की हत्या करने की साजिश रची थी। लॉकहीड ड्रोन विमान का निर्माता है। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी हेडली ने यह खुलासा पाकिस्तानी मूल के ही कनाडाई आतंकी तहव्वुर राणा के वकील के जिरह के दौरान की। उसने बताया कि लॉकहीड द्वारा बनाए गए ड्रोन विमानों से अमेरिकी बलों द्वारा अलकायदा आतंकियों पर हो रहे हमलों के कारण इलियास कश्मीरी बहुत परेशान था। इसलिए उसने लॉकहीड के सीईओ की हत्या की योजना बनाई थी। इस सवाल पर कि इस षड्यंत्र में क्या वह भी शामिल था, उसने नहीं में जवाब दिया। हेडली ने यह भी बताया कि शिकागो स्थित पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास में कार्यरत अपने स्कूल के दिनों के एक मित्र अमन राशिद की मदद से उसने ज्यादा अवधि का वीजा हासिल करने की कोशिश की थी, ताकि वह पाकिस्तान में कुछ और समय रह सके। पिछले हफ्ते सुनवाई के दौरान हेडली ने आइएसआइ और खतरनाक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के बीच साठगांठ की कई बातें उजागर की थी। 26/11 हमलों का साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी अपने दोस्त और इस मामले में सहआरोपी तहव्वुर राणा के खिलाफ गवाही दे रहा है। मामले की सुनवाई में हेडली बता चुका है कि किस तरह वह आइएसआइ के मेजर इकबाल और सादिक मीर के साथ जिहाद की ओर बढ़ा और पाकिस्तानी सेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी अब्दुर रहमान उर्फ पाशा ने उसे अलकायदा नेता इलियास कश्मीरी से मिलवाया। माना जा रहा है कि बुधवार तक हेडली से पूछताछ पूरी कर ली जाएगी। उसके बाद सरकार संघीय जांच एजेंसी (एफबीआइ) के एजेटों को पेश करेगी। उल्लेखनीय है कि हेडली मुंबई हमलों में अपनी भूमिका स्वीकार कर चुका है जबकि राणा का कहना है कि वह आतंकवाद को समर्थन देने का दोषी नहीं है। मामले की सुनवाई 15 जून तक पूरी होने की संभावना है। दोषी पाए जाने राणा को उम्रकैद हो सकती है। संघीय ग्रैंड ज्यूरी ने राणा पर पिछले साल 15 फरवरी को 12 आरोप लगाए थे। यह आरोप हमलों की साजिश, लश्कर को सहयोग मुहैया कराने और हमलों के लिए मुंबई में लक्ष्यों की खोज करने में हेडली को दिशानिर्देश देने के संबंध में थे।


No comments:

Post a Comment