Tuesday, October 2, 2012

कश्मीर में मुठभेड़, पांच विदेशी आतंकी ढेर




ठ्ठजागरण ब्यूरो, श्रीनगर सुरक्षाबलों ने सोमवार को मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में एक भीषण मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन के पांच विदेशी आतंकियों को मार गिराया। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच करीब साढे़ तीन घंटे तक मुठभेड़ चली। कश्मीर के शोपियां जिले में भी आतंकियों ने सुरक्षाबलों के एक गश्तीदल पर घात लगाकर हमला किया। हालांकि, दोनों ओर से एक घंटे की फायरिंग के बाद आतंकी भाग गए। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गांदरबल जिले के वांगत से सटे फाली नाड़ जंगल में रविवार को आतंकियों के होने की सूचना मिली। उसी समय गांदरबल पुलिस के एसओजी दस्ते ने 24-आरआर के जवानों के साथ रात में ही आतंकियों की घेराबंदी शुरू कर दी। सुबह करीब आठ बजे जवानों ने हल्ला बोला और मुठभेड़ शुरू हो गई। मारे गए आतंकियों में से चार की पहचान अबु बकर, अबु खालिद, अबु मुर्तजा, अब्दुल गाजी के रूप में हुई है। पांचवें की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल से पांच एसाल्ट राइफलें, 15 मैगजीन, दो यूबीजीएल, भारी मात्रा में कारतूस, अत्याधुनिक रेडियो सेट, जीपीएस और अन्य साजो-सामान भी मिले हैं। इस अभियान की निगरानी कर रहे विक्टर फोर्स के जीओसी आरआर निमोडकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मारे गए पांचों आतंकी विदेशी हैं और इनका संबंध हिजबुल मुजाहिद्दीन से है। बीते दो माह के दौरान कश्मीर में यह पहला अवसर है जब एक ही मुठभेड़ में पांच आतंकी मारे गए हों। एक अन्य घटना में दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुबह आतंकियों ने पोशवारी-मुगल मैदान इलाके में सुरक्षाबलों के एक गश्तीदल पर घात लगाकर हमला किया। जवानों ने भी जवाबी फायर किया। करीब एक घंटे तक दोनों तरफ से गोलियों की बौछार होती रही। इसके बाद आतंकी भाग निकले। सूत्रों के अनुसार, आतंकियों का एक साथी या तो मारा गया है या गंभीर रूप से जख्मी है।
Dainik Jagran National Edition 02-10-2012 Terrorism   Pej -5

No comments:

Post a Comment