Monday, January 10, 2011

हज यात्रियों के पासपोर्ट चुराकर भारत में घुसे आतंकी

खतरनाक आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद भारत में फिदायीन हमले के लिए विशेष प्रशिक्षण दे रहा है। इस मंसूबे को अंजाम देने के लिए हज यात्रा कर लौटे भारतीयों के बीच आतंकियों की घुसपैठ हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के सदस्यों और पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी आइएसआइ ने हज यात्रा पर निकले भारतीयों में अपनी घुसपैठ कर ली है। आतंकियों ने कुछ हज यात्रियों के पासपोर्ट चुरा लिए हैं और उसका (मैनीपुलेट बाई सुपरइम्पोजिंग फोटोग्राफ्स) अपने हित में इस्तेमाल करते हुए भारत में घुस गए हैं। खुफिया सूत्रों से मिली सूचनाओं के आधार पर डीजीपी उत्तर प्रदेश ने सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को खत लिखकर सावधानी और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी के पत्र में उल्लेख हुआ है कि पाक समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद स्नीपर आरपेशन और फियादीन हमले के लिए अपने सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण दे रहा है। इसके लिए हज यात्रा से लौटे भारतीयों को माध्यम बनाया गया है। इसके अलावा डीजीपी ने पुर्वोत्तर के आतंकी संगठनों से भी होशियार रहने का निर्देश जारी करते हुए उल्लेख किया है कि पूर्वोत्तर प्रांत में सक्रिय आतंकियों ने पश्चिम तक अपने पैर पसार लिए हैं। उन्होंने मथुरा, बुलंदशहर और अलीगढ़ को अपना शरणस्थली बना रखा है। हाल ही में नेपाल के कृष्णानगर में स्थानीय इस्लामिक संघ के संचालन में भारत विरोधी तत्वों की बैठक हुई। इस बैठक में आइएसआइ एजेंटों ने भी शिरकत की। बैठक में भारत नेपाल की सीमा पर बसे कस्बों महराजगंज, सिद्धार्थनगर में कट्टरपंथी तत्वों को एकजुट करने और भारत विरोध के लिए उनका इस्तेमाल करने की रणनीति पर चर्चा हुई। जानकारी यह है कि अयोध्या प्रकरण में कोर्ट के फैसले के बाद इस क्षेत्र में भारत विरोधी स्वर मुखर हो रहे हैं। डीजीपी ने पुलिस को सावधानी बरतने तथा रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, माल्स सहित अन्य महत्वपूर्णस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा है।

No comments:

Post a Comment