Saturday, January 15, 2011

पाक में कसाब-फहीम को भगोड़ा घोषित करने की मांग

पाकिस्तान में मुंबई आतंकी हमले मामले में नया मोड़ आ गया है। देश की एक अदालत ने मुंबई आतंकी हमले के लिए भारत में दोषी ठहराए गए अजमल कसाब को भगोड़ा घोषित करने वाली अभियोजन पक्ष की याचिका स्वीकार कर ली है। मुंबई की विशेष अदालत ने कसाब को मौत की सजा सुनाई है। इस याचिका में भारतीय नागरिक फहीम अंसारी का भी नाम है। लाहौर हाईकोर्ट की रावलपिंडी खंडपीठ के न्यायाधीश सगीर अहमद कादरी ने याचिका स्वीकार करते हुए रजिस्ट्रार कार्यालय को दो सप्ताह के भीतर इस पर नियमित सुनवाई आरंभ करने का आदेश दिया है। पाकिस्तान में मुंबई आतंकी हमले के संबंध में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर जकी उर रहमान लखवी समेत सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। अभियोजकों ने पहले प्रस्ताव दिया था कि हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए कसाब को पाकिस्तान लाने का विचार छोड़कर सिर्फ फहीम को ही भगोड़ा घोषित कर दिया जाए। फहीम पर आरोप है कि उसने हमले से पहले मुंबई के विभिन्न ठिकानों की रेकी कर पाकिस्तानी आतंकियों को उनका नक्शा मुहैया कराया था। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि अभियोजकों के इस नए रुख से मुंबई आतंकी हमले मामले में चल रही सुनवाई में जटिलता आ सकती है।


No comments:

Post a Comment