इस्लामाबाद,प्रेट्र: तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) की पंजाब शाखा डेरा गाजी खान स्थित देश के सबसे बड़े परमाणु प्रतिष्ठान पर
हमले का पूर्वाभ्यास कर चुकी है। समाचार पत्र
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने दावा किया है कि पंजाब तालिबान ने परमाणु प्रतिष्ठान का वीडियो भी बना लिया है। ताजा खुलासा उस खबर के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जिसमें कहा गया था कि आतंकी परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला करने की फिराक में हैं। हालांकि, अखबार ने लिखा कि खुफिया एजेंसियां वीडियो बनाने की बात इन्कार कर रही हैं, लेकिन उन्होंने आतंकी हमले की 80 फीसद संभावना जताई है। आइएसआइ की चेतावनी मिलते ही देश के सभी परमाणु प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डेरा गाजी खान के जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि प्रतिष्ठान की सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। परमाणु प्रतिष्ठानों से जुड़ी जानकारियां जुटाने के लिए पंजाबी तालिबान के कमांडर
अस्मातुल्लाह मुआविया कई बार
प्रयास कर चुका है। इस काम के लिए उसे तालिबान कमांडर गुलाम रब्बानी और कारी कामरान से निर्देश मिल रहे हैं। खुफिया
अधिकारियों ने इस बात को भी माना
कि आतंकी हमले का पूर्वाभ्यास कर चुके हैं। इसके तहत उन्होंने परमाणु प्रतिष्ठान तक जाने वाले रास्तों की पहचान की
है। आइएसआइ के हवाले से गुरुवार को खबर आई थी कि
पंजाबी तालिबान परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले की तैयारी में है। इससे पहले टीटीपी ने डेरा गाजी खान परमाणु प्रतिष्ठान पर आत्मघाती हमले की धमकी भी दी थी। आइएसआइ के
अनुसार, उसने टीटीपी के आतंकियों को टेलीफोन पर बातचीत करते सुना था। आतंकी
कह रहे थे कि किसी भी दिन
तीन-चार वाहनों पर सवार होकर आत्मघाती हमलावर परमाणु प्रतिष्ठान को निशाना बना सकते हैं।
दैनिक जागरण राष्ट्रीय संस्करण, पेज 7 , 08-09-2012 आतंकवाद
No comments:
Post a Comment