Monday, October 3, 2011

अफजल के माफी प्रस्ताव पर कश्मीर विधानसभा में उपद्रव

 श्रीनगर जम्मू कश्मीर विधानसभा बुधवार को राजनीतिक अखाड़ा बन गई। संसद हमले के दोषी मो. अफजल की फांसी माफी के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस और भाजपा विधायकों में जोर आजमाइश हुई। नारेबाजी-हंगामे के बीच कोई मेज पर चढ़ गया तो कोई पंखों और कुर्सियों को लात से गिराता नजर आया। पैंथर्स पार्टी और जम्मू स्टेट मोर्चा ने भी हंगामे में भाग लिया। अलबत्ता, नेशनल कांफ्रेंस व पीडीपी लगभग मौन रही। हंगामे के चलते सजा माफी का प्रस्ताव पेश नहीं हो पाया। बाद में स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेसी सदस्यों ने विस अध्यक्ष मुहम्मद अकबर लोन से पूछा, भाजपा ने रिश्वतखोरी व क्रॉस वोटिंग के आरोप में जिन सात विधायकों को निलंबित किया है। वे यहां क्यों और किसके लिए हैं। स्पीकर के जवाब देने से पहले ही भाजपा,पैंथर्स पार्टी और जम्मू स्टेट मोर्चा के विधायकों ने अफजल की सजा माफी प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए देश के गद्दारों को बाहर करो की नारेबाजी शुरू कर दी। जवाब में कांग्रेसी रिश्वतखोर एमएलए बाहर करो का नारा लगाते हुए सदन के बीच में आ गए। विस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री तारांचद के समझाने पर भी विधायक शांत नहीं हुए। इसी दौरान भाजपा के अशोक खजूरिया और निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद में तकरार होने लगी। हालांकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सदन में ही मौजूद थे, लेकिन उन्होंने विधायकों को शांत करने का कोई प्रयास नहीं किया। हंगामा न थमने पर सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा सदस्यों ने अफजल संबंधी प्रस्ताव रद करने को कहा। फिर हंगामा होने पर कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित हो गई। बाद में अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए ही स्थगित कर दिया। वहीं, पीडीपी की नेता महबूबा मुफ्ती ने सदन में हुए हंगामे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उसे सुनियोजित ड्रामा बताया। उन्होंने कहा, इस ड्रामे में नेकां डायरेक्टर तो कांग्रेस व भाजपा ने एक्टर की भूमिका निभाई। उमर ने पत्रकारों से कहा कि अफजल को फांसी दिए जाने पर जम्मू-कश्मीर समेत देश के अन्य हिस्सों में नकारात्मक असर पड़ेगा। आतंकी हिंसा बढ़ेगी क्योंकि अलगाववादियों को मकबूल भट के बाद दूसरा हीरो मिल जाएगा।

No comments:

Post a Comment