Tuesday, December 28, 2010

आतंकियों से नए साल पर ताज को खतरा

आतंकवादियों की नजर किसी ताज पर है। जहां ये नए साल के मौके पर कहर बरपाना चाहते हैं। इसमें मुंबई के ताज होटल सहित इस नाम की कोई और जगह भी शामिल हो सकती है। नए साल के मौके पर गृह मंत्रालय ने देश के सभी प्रमुख शहरों को सतर्क रहने को कहा है। गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी के मुताबिक आतंकवादियों की तैयारी के बारे में मिली खुफिया सूचना के मुताबिक उनकी योजना ताज पर हमला करने की है। पिछली बार उन्होंने मुंबई के ताज होटल को निशाना बनाया था। इसलिए मुमकिन है कि इस बार वे इससे मिलते-जुलते नाम वाली किसी जगह को निशाना बना सकते हैं। इस तैयारी में नाकाम रहने की स्थिति में आतंकवादी देश के किसी दूसरे प्रमुख शहर पर भी निशाना लगा सकते हैं। खुफिया सूचनाओं के आधार पर गृह मंत्रालय ने नए साल के मौके पर देश भर के तमाम बड़े शहरों में हो रहे आयोजनों की सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। दैनिक जागरण में रविवार को छपी खबर में पहले ही बता दिया था कि गृह मंत्रालय ने क्रिसमस से ठीक पहले अलर्ट जारी कर जनवरी के पहले हफ्ते तक सतर्क रहने को कहा है। राज्यों को कहा गया है कि इस मौके पर बड़े होटलों और क्लबों के अलावा शॉपिंग मॉल और बाजारों पर भी कड़ी निगरानी रखें। इसके अलावा खास कर बड़े बैग लेकर दाखिल हो रहे लोगों की तलाशी लें। क्योंकि खुफिया सूचना के मुताबिक इस बार ये बम छुपा कर भागने की बजाय सीधा हमला करने की तैयारी से आए हैं। गोवा के मामले में विशेष अलर्ट पहले ही जारी कर दिया गया था क्योंकि वहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव चल रहा है और राज्य अपनी 50वीं वर्षगांठ भी मना रहा है। गोवा में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के इरादे से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अ‌र्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां वहां भेजी हैं। वाराणसी विस्फोट और जामा मस्जिद गोलीकांड जैसी घटनाओं में कोई साक्ष्य नहीं मिलना या आरोपियों का नहीं पकड़ा जाना चिंता का विषय है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है।

No comments:

Post a Comment