पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में गुरुवार की देर रात नक्सलियों ने जमकर कोहराम मचाया। सशस्त्र नक्सलियों ने दोरगा अंचल के वाघविंदा गांव को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद फॉरवर्ड ब्लॉक के दो नेताओं और पांच कार्यकर्ताओं को गोलियों से भून दिया। नरसंहार के विरोध में शनिवार को पुरुलिया बंद का आह्वान किया गया है। मृतकों में फॉरवर्ड ब्लॉक की नेता नया दड़दा अंचल की प्रधान चपला गोराई (30), तपन सिंह सरदार (45), किंकर सिंह, गोवर्धन सिंह, गापेश्र्वर महतो, ओजू सिंह मुर्मू व अनंत महतो शामिल हैं। किंकर फॉरवर्ड ब्लॉक के वाघविंदा बूथ कमेटी के सचिव व गोवर्धन सिंह शाखा कमेटी के अध्यक्ष थे। गुरुवार की रात जब वाघविंदा गांव गहरी नींद में सोया हुआ था, रात करीब 3:00 बजे सौ से अधिक सशस्त्र नक्सलियों का दस्ता वहां पहुंचा। दस्ते में बड़ी संख्या में महिला नक्सली भी शामिल थीं। पूरे गांव को घेरने के बाद नक्सलियों ने चिह्नित घरों को खुलवाया और वहां से फॉरवर्ड ब्लॉक नेताओं और कार्यकर्ताओं को खींच-खींच कर बाहर निकाला। इस दौरान महिलाओं के विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। बाद में नक्सलियों ने सबको चौराहे पर एक लाइन से खड़ा कर उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया। माओवादियों ने घटनास्थल पर कुछ पर्चे छोड़े हैं, जिनमें मारे गए लोगों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है। हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को जब पुलिस गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उनका जबर्दस्त विरोध किया, ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व में ही उन लोगों ने आगाह किया था कि माओवादी वाघविंदा गांव को निशान बना सकते हैं। इसके बावजूद किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीण किसी तरह शांत हुए और लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। वहीं, फॉरवर्ड ब्लॉक जिला कमेटी के सचिव पुरुलिया सांसद नरहरि महतो ने बताया कि बंद 24 घंटे रहेगा। इस बंद को वाम मोर्चा के घटक दलों का भी समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस हत्याकांड से गहरा आघात लगा है। सरकार को चाहिए कि अब माओवादियों से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाए। नर्तकी बन भेद लेने वाली माओवादी गिरफ्तार कोलकाता, जासं : पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के शिल्दा में ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स (ईएफआर) शिविर पर इस साल फरवरी में हुए हमले से पहले नर्तकी बनकर भेद लेने वाली महिला माओवादी को साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। पश्चिम बंगाल में हुए इस हमले में 24 सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई थी। पश्चिमी मेदिनीपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकेश कुमार जैन ने बताया कि जिले के लखनपुर गांव से महिला माओवादी सांबरी हंसदा उर्फ सीमा को उसके साथी हापन मुर्मू के साथ गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया। उनके पास से कुछ बारूदी सुरंगें और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि सीमा और दो अन्य नर्तकियां ईएफआर शिविर पर हमले वाले दिन 15 फरवरी की सुबह शिल्दा गई थीं। वहां पर उन्होंने नाचते हुए दुकानदारों व अन्य लोगों से पैसे जुटाए और पूरे इलाके का भेद लिया। माकपा नेता का घर उड़ाया झाड़ग्राम : पश्चिम मेदिनीपुर स्थित लालगढ़ थाना क्षेत्र में एक माकपा नेता के घर को गुरुवार की रात माओवादियों ने विस्फोट कर उड़ा दिया। माओवादियों ने घटनास्थल पर पर्चा छोड़कर यह चेतावनी भी दी कि माकपा की सभा में शामिल होने वालों का यही हाल होगा।
No comments:
Post a Comment