Tuesday, April 12, 2011

कंधार कांड का आरोपी चिली में गिरफ्तार


 इंडियन एयरलाइंस के विमान आइसी-814 के अपहरण के 12 साल बाद उसके एक आरोपी अब्दुल रऊफ को चिली में इंटरपोल ने गिरफ्तार कर लिया है। रऊफ की गिरफ्तारी की सूचना भारतीय एजेंसियों को दे दी गई है। लेकिन इस मामले की जांच करने वाली सीबीआइ यह सुनिश्चित नहीं कर पा रही है कि गिरफ्तार अब्दुल रऊफ आइसी-814 के अपहरण का आरोपी ही है या कोई दूसरा है। जांच से जुड़े सीबीआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चिली से अब तक सिर्फ अब्दुल रऊफ नाम के किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना मिली है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि गिरफ्तार व्यक्ति विमान अपहरण का आरोपी है या नहीं। उन्होंने कहा कि इंटरपोल के रेड कार्नर नोटिस में सिर्फ रऊफ अब्दुल उर्फ अब्दुल रऊफ अलवी, जन्म स्थान बहावलपुर पाकिस्तान और जन्म की तारीख में 1974 लिखा हुआ है। इसके अलावा न तो उसका फोटो है और न ही बालों व आंखों का रंग या फिर कोई अन्य विशिष्ट पहचान चिन्ह जिसके आधार पर गिरफ्तार अब्दुल रऊफ का आरोपी अब्दुल रऊफ से मिलान किया जा सके। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान के लिए जल्द जांच से जुड़े सीबीआइ अधिकारियों की टीम चिली जा सकती है। 1999 में आइसी-814 विमान का अपहरण कर उसे कंधार ले जाया गया था और उसके बदले में भारत को तीन खूंखार अपराधियों को छोड़ना पड़ा था। अब्दुल रऊफ छोड़े गए आतंकी अजहर मसूद का रिश्तेदार है और इसी ने विमान अपहरण के लिए धन की व्यवस्था की थी। अदालत ने इसे भगोड़ा घोषित कर रखा है और इसी के आधार पर इंटरपोल ने रेड कार्नर नोटिस जारी किया था। सरकार और जांच एजेंसी में उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि चिली पुलिस ने सीबीआइ को सूचित किया है कि उन्होंने अब्दुल रऊफ नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है|

No comments:

Post a Comment