Wednesday, February 9, 2011

हेडली के खिलाफ पाक से सबूत मांगेगी एनआइए


देश में आतंकी मामलों की जांच के लिए गठित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य डेविड हेडली से मिली जानकारी के सिलसिले में सबूत हासिल करने के लिए पाकिस्तान से न्यायिक अनुरोध करने की योजना बना रही है। इससे पहले पाकिस्तान ने एजेंसी को उनके देश में आकर जांच करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था। एनआइए के एक दल ने करीब साल भर पहले अमेरिकी जेल में मुंबई हमले के सूत्रधारों में शामिल डेविड हेडली से पूछताछ की थी और अब उसे उसके बयानों के सत्यापन के लिए उसकी परिसंपत्ति, बैंक खातों, उसके सहयोगियों के विवरण की जरूरत है। ये विवरण पड़ोसी देश के पास उपलब्ध हो सकते हैं क्योंकि वह भी इस मामले की जांच कर रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एजेंसी ने हेडली और उसके कनाडाई सहयोगी तहव्वुर हुसैन राणा के खिलाफ पाकिस्तान से सबूत की मांग करते हुए मुंबई अदालत के माध्यम से अनुरोध पत्र भेजने के लिए केंद्र से अनुमति ले ली है। राणा पर मुंबई हमले के दौरान आतंकवादियों की मदद करने का आरोप है। आग्रह पत्र विदेशी अदालत से न्यायिक सहायता के लिए एक औपचारिक अनुरोध होता है। सूत्रों ने कहा कि आग्रह पत्र के संबंध में ब्योरे को अंतिम रूप दे दिया गया है और उसे मुंबई अदालत को सौंप दिया गया है, जो उसे संबंधित पाकिस्तानी अदालत को अग्रसारित करेगी। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान द्वारा सबूत हस्तांतरित किए जाने के बाद एनआइए को दोनों के खिलाफ आरोप तय करने में मदद मिलेगी। दोनों ही फिलहाल अमेरिकी हिरासत में हैं। आग्रह पत्र के माध्यम से सबूत मांगने की प्रक्रिया इस जांच में सहयोग के लिए गृह मंत्रालय की ओर से भेजे गए कई डोजियर से अलग है।


No comments:

Post a Comment