Friday, December 2, 2011

देश के कई शहरों में तबाही की तैयारी में थे आतंकी


देश के कई बड़े शहरों में तबाही टल गई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को छह दिसंबर तथा नव वर्ष पर बड़ी आतंकी वारदात की साजिश रच रहे इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) के छह आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आतंकियों में एक पाकिस्तानी नागरिक और चार बिहार के हैं। दिल्ली, बिहार के मधुबनी और चेन्नई से पकड़े गए इन आतंकियों के कब्जे से दो एके 47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल, साढ़े तीन किलो विस्फोटक (1.4 किलोग्राम काला व 2 किलोग्राम सफेद विस्फोटक), 5 डेटोनेटर और दो लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है। इनका मास्टर माइंड शाहरुख उर्फ इमरान पुलिस की पकड़ से बच निकला। स्पेशल सेल की आधा दर्जन टीमें फरार आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए देशभर में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि ये आतंकी मॉड्यूल पुणे में 2010 में जर्मन बेकरी, 2010 में ही बेंगलूर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में विस्फोट कर चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेल से पूर्व राजधानी में जामा मस्जिद के बाहर विदेशी सैलानियों की बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग में भी शामिल रहे हैं। पाकिस्तानी नागरिक अजमल ने बाइक पर पीछे बैठकर सैलानियों पर फायरिंग की थी। इस हमले में दो विदेशी सैलानी घायल हुए थे। सूत्रों के अनुसार पुलिस को इस मॉड्यूल के कमांडर बप्पा के चेन्नई में मौजूद होने की सूचना थी, लेकिन छापे से ठीक पहले वह वहां से खिसक गया। मॉडयूल में चार आतंकी अभी और हैं। गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, पिछले छह दिनों में छह संदिग्ध आतंकी पकड़े गए हैं। इन लोगों के बारे में जांच अभी चल रही है और हमारा मानना है कि ये आतंकी जर्मन बेकरी बम धमाका, चिन्नास्वामी स्टेडियम बम धमाका और जामा मस्जिद के बाहर गोली कांड में शामिल रहे हैं। 

No comments:

Post a Comment